चरखारी बाईपास मार्ग पर जलनिकासी न होने से टापू बनी सड़क। संवाद
- फोटो : चरखारी बाईपास मार्ग पर जलनिकासी न होने से टापू बनी सड़क। संवाद
महोबा। मानसून की पहली झमाझम बारिश ने शहर में नाला सफाई की पोल खोल दी। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर दुकानों में पानी चला जाने से दुकानदारों की दिक्कत बढ़ गई। सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर जाने से वाहन सवारों को दिक्कत हुई। कई बाइकें पानी में ही फंसकर बंद हो गईं। करीब तीन घंटे तक हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया और उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत महसूस की।
रविवार को सुबह करीब 11.30 बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हो गई। दोपहर तक झमाझम होती रही। इस दौरान शहर के पुराने इंडियन बैंक के पास मुख्य मार्ग पर जल भराव होने से आसपास की दुकानों में पानी के प्रवेश कर जाने से दुकानदारों की दिक्कत बढ़ गई। इसके अलावा चरखारी बाइपास मार्ग पर बल्देव नगर इलाके में पानी की निकासी न होने से सड़कें टापू बन गईं।
शुक्रवारी बाजार के पास सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों को दिक्कत हुई। इसके अलावा जिला अस्पताल में डॉक्टरों के आवास के बाहर भी पानी भरा रहा। शहर के लवकुशनगर तिराहा, परमानंद चौराहा आदि स्थानों पर भी जलभराव हुआ।