महोबा। सीसीटीएनएस योजना में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर जारी रैंकिंग में महोबा को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। पिछले माह भी शत-प्रतिशत अंक हासिल करने पर महोबा पहले स्थान पर था। इस उपलब्धि पर अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं नवीन अरोरा ने महोबा के एसपी प्रबल प्रताप सिंह और अपर एसपी वंदना सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से किसी भी अपराध से जुड़ी रिपोर्ट के साथ मामला किस स्थिति में है, कितने आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस मामले में किस स्तर पर विवेचना कर रही है, यह सभी जानकारियां सीसीटीएनएस पोर्टल पर ऑनलाइन रहती हैं। प्रदेश स्तर से जारी रैंकिंग में महोबा पुलिस को सौ फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं। जिसके लिए महोबा को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। अपर पुलिस महा निदेशक ने भविष्य में भी इसी तरह दायित्वों का निर्वाहन विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाने का आह्वान किया है। एसपी ने बताया कि सीसीटीएनएस से 10 पोर्टल जुड़े हैं। पोर्टल पर अच्छी फीडिंग व मॉनीटरिंग के आधार पर शासन स्तर से रैंकिंग जारी होती है।