श्रीनगर (महोबा)। ब्लॉक कबरई के पवा गांव में सती माता मेले के अंतिम दिन शुक्रवार को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कई जिलों की टीमों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबले में जालौन की टीम ने किल्हौवा की टीम को हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। आयोजन समिति की ओर से विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राफी व नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मैच का शुभारंभ ब्रह्मानंद एजूकेशन अकादमी के निदेशक विजयपाल सिंह राजपूत ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। फाइनल मुकाबला जालौन व किल्हौवा की टीम के बीच हुआ। इसमें जालौन की टीम शुरुआत से ही बढ़त बनाए रही और किल्हौवा की टीम पर पूरी तरह हावी रही। फाइनल मुकाबला जालौन ने 47-07 के अंतर से हराकर ट्राफी जीती। कबड्डी प्रतियोगिता में 16 टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजक समिति की ओर से टीमों को पुरस्कृत किया गया।
निर्णायक मंडल में प्रदीप कुमार, जैनेंद्र कुमार व बद्रीप्रसाद मौजूद रहे। संचालन दिनेश कुमार पांचाल ने किया। इस मौके पर प्रधान रजौनी रामसिंह राजपूत, पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह, हरीशंकर राजपूत, आलोक सैनी, हरीओम राजपूत, मयंक सैनी आदि मौजूद रहे।