महोबा। खेत की हदबंदी के नाम पर किसान से छह हजार रुपये की रिश्वत मांगते कानूनगो को ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करती है। एसडीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
वायरल ऑडियो चरखारी क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। जिसमें किसान हदबंदी कराने की बात कानूनगो से कह रहा है। जिस पर राजस्वकर्मी छह हजार रुपये की मांग करते सुनाई दे रहा है। किसान का कहना है कि वह कई दिनों से हदबंदी के लिए चक्कर लगा रहा है लेकिन उसे टहलाया जा रहा है। हदबंदी के एवज में छह हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। सोशल मीडिया में ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। एसडीएम चरखारी धीरेंद्र कुमार का कहना है कि जानकारी मिली है। वायरल ऑडियो की जांच कराई जा रही है।
-
वीडियो बनाकर अभद्र टिप्पणी करने वाले दो युवक गिरफ्तार
महोबा। वीडियो बनाकर अभद्र टिप्पणी करते हुए इंस्टाग्राम पर प्रसारित किए जाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शहर के रामकथा मार्ग में दो युवकों ने एक वीडियो बनाया और उसमें अभद्र टिप्पणी की। इसके बाद वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि जांच में वीडियो में अभद्र टिप्पणी करने वाले संदीप राजपूत व आलोक वर्मा को पकड़ा गया। दोनों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार किया। उनके वीडियो हटवाया गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)