महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विजय सागर पक्षी विहार के पास ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार वृद्घ की मौत हो गई। हेलमेेट न लगाए होने से सिर पर गंभीर चोट लग गई थी। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में 12 लोग घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांच झांसी रेफर किए गए हैं।
सीमा से सटे जनपद छतरपुर के खटकियाना गांव निवासी रहीम बख्श (60) शनिवार शाम स्कूटी से कस्बा कबरई जा रहे थे। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विजय सागर पक्षी विहार के पास सामने से आ रहे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
रहीम बख्श घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां मौत हो गई। पुलिस ट्रक व उसके चालक की तलाश कर रही है।
उधर, भंडरा निवासी गोपी अपने भांजे रोहित के साथ बाइक से खेत जा रहे थे। रास्ते में अचानक सड़क पर आए मवेशी को बचाने में बाइक फिसलने से मामा-भांजे घायल हो गए।
इसी तरह गहरा निवासी मनीष, सिजवाहा निवासी भूरा, स्वासामाफ निवासी धन्नू, महानपुरा निवासी अजय, बुढ़ेरा निवासी देवेंद्र, राठ चुंगी निवासी शरद, बिजरारी निवासी रतिराम, बारीगढ़ निवासी पूजा, मध्य प्रदेश निवासी विमला व उसका पुत्र विनीत अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए हैं।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख भूरा, धन्नू, अजय, देवेंद्र व शरद को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।