महोबा/श्रीनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो चचेरे भाइयों समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से दो की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर कर दिया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों को सिर गंभीर चोटें आईं हैं।
अजनर थानाक्षेत्र के भगारी गांव निवासी अरविंद अहिरवार (24) चचेरे भाई सुनील (25) व नौगांव निवासी अजय (19) के साथ शुक्रवार की शाम बाइक से सिजहरी गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। उसी दौरान श्रीनगर-चरखारी मार्ग पर पहाड़िया गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर के पीछे से टक्कर मारने से बाइक सवार दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। वहां अरविंद व अजय की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
वहीं महोबकंठ थानाक्षेत्र के टिंगुरा गांव निवासी उदित (26) व प्रदीप (18) शनिवार की सुबह किसी काम से बाइक से कस्बा पनवाड़ी जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। इसी तरह टीकामऊ निवासी जयपाल (30), बजरिया निवासी सुरेंद्र (65), श्रीनगर निवासी विमला (45), डढ़हत निवासी रामअवतार (45), गुढ़ा निवासी शिवकुमार (40) व आशारानी (55) अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।