संवाद न्यूज एजेंसी
बेलाताल (महोबा)। उत्तर प्रदेश पंचायतीराज विभाग की ओर से तिरुपति आंध्र प्रदेश में 18 से 20 जनवरी तक हेल्दी विलेज थीम पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यशाला में महोबा के ब्लाॅक जैतपुर की ग्राम पंचायत मंगरौलकलां के प्रधान अभिषेक रावत को चयनित किया गया है।
पंचायतीराज निदेशालय के उपनिदेशक योगेंद्र कटियार ने इसको लेकर पत्र जारी किया है। इसमें राष्ट्रीय कार्यशाला के लिए प्रदेश से 16 प्रतिभागियों को नामित किया गया है। जिन्हें तिरुपति आंध्र प्रदेश में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रतिभाग करना है। महोबा जिले से खंड विकास अधिकारी कबरई सौम्या आलोक, सहायक विकास अधिकारी पंचायत जैतपुर सुरेश कुमार धुरिया, जगत नारायन सचिव मवई खुर्द ब्लाॅक कबरई और मंगरौलकलां प्रधान अभिषेक रावत को नामित किया गया है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि उन्हें यह मौका पंचायती राज विभाग ने दिया है। हेल्दी विलेज थीम पर राष्ट्रीय कार्यशाला में वह मंगरौलकलां पंचायत के उत्कृष्ट कार्यों के साथ विभाग के कार्यों का प्रस्तुतिकरण करेंगे। जो जानकारियां कार्यशाला से प्राप्त होंगी, उसको साझा कर अमल करने का शत-प्रतिशत प्रयास किया जाएगा।