शहर में पदयात्रा निकालते हिंदू संगठन।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। कई जिलों में हिंसा करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को विभिन्न हिंदू संगठन सड़क पर उतर आए। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर पदयात्रा निकाली और तहसील पहुंचकर आधे घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम व एएसपी को सौंपा। शांति व्यवस्था के मद्देनजर आल्हा चौक व तहसील पर पुलिस तैनात रही।
विहिप महामंत्री मयंक तिवारी ने कहा कि नुपुर शर्मा व नवीन जिंदल के बयान को लेकर पिछले दो जुमे की नमाज के बाद हमले किए गए। घरों, दुकानों, वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस फोर्स पर हमले किए गए। लोगों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक अवधेश शर्मा ने कहा कि हिंसा फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाए। आठ सूत्री मांगों को लेकर एडीएम आरएस वर्मा व एएसपी आरके गौतम को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर देश भर में आंदोलन किए जाएंगे। इस दौरान मनोज शिवहरे, दीपक सिंह, विनीत मौजूद रहे।