श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के सिजहरी गांव में अवैध संबंध के शक में पत्नी की सोते समय कुल्हाड़ी से काटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जेल जाने से पहले डॉक्टरी परीक्षण कराने जिला अस्पताल आए आरोपी ने पत्नी के अवैध संबंध दूसरे व्यक्ति से होने की बात दोहराई।
गौरतलब है कि सिजहरी गांव निवासी छिद्दू कुशवाहा ने 17 अक्तूबर की रात छत पर सोते समय पत्नी परमी की धारदार कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। मृतका के पुत्र ने पिता पर आरोप लगाया था कि वह मां से एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पैसे न देने पर कई बार विवाद हुआ और सोते समय गले में कुल्हाड़ी से हमलाकर मां की हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी छिद्दू कुशवाहा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष श्रीनगर अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी छिद्दू कुशवाहा को सिजहरी मार्ग पर स्थित एक चाय की दुकान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को सिजहरी गांव के रामचरन के खेत के समीप से बरामद कर लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद जेल भेज दिया।