पनवाड़ी (महोबा)। उड़ीसा से अवैध गांजा लेकर महोबा आ रही कार को थाना पनवाड़ी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी भाग गए। पुलिस ने कार से 12 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष पनवाड़ी दीपक कुमार पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से एक पार्टी कार में गांजा लेकर आ रही है। गांजा कोहनिया गांव निवासी ज्ञानी अनुरागी को बेचा जाना है। सूचना मिलते ही थाने के वरिष्ठ एसआई अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कोहनिया मोड़ के पास कार रोकी और जांच की। पुलिस को देखकर गाड़ी के आगे की सीट पर बैैठे दीपक राजपूत निवासी आली बिहार नई दिल्ली व प्रमोद कुुमार कुराना अलीगढ़ भाग निकले जबकि पुलिस ने किरन पत्नी शेरसिंह निवासी आली बिहार नई दिल्ली व ज्ञानी अनुरागी निवासी ब्यारजौ महोबकंठ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार से 12 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद किया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है। दो अन्य की तलाश की जा रही है।