महोबा। विस चुनाव के चलते चुनाव ड्यूटी पर स्थानीय रोडवेज डिपो की 19 बसें भेजी गई हैं। इससे यात्रियों को बस स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बाहरी डिपो की बसें भी कम होने से दिनभर यात्री भटकते रहे। इंतजार के बाद बसें आईं तो सीट पर कब्जे को लेकर मारामारी मची रही।
शनिवार को दिल्ली और झांसी जाने वाले यात्रियों ने तीन से चार घंटे तक बसों का इंतजार किया। पूछताछ केंद्र पर भी कोई नजर नहीं आया। वहीं एक यात्री ने एआरएम से मिलकर बताया कि उसे दिल्ली जाना है तीन घंटे से बस नहीं आई है, कब आएगी एआरएम हेमंत मिश्रा का कहना है कि 19 बसें चुनाव में भेजी गई हैं, जिन रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक हैं उनमें बसों को भेजा जा रहा है। कुछ बसें खराब हैं जो डिपो में रिपेयर हो रहीं हैं।
क्या बोले यात्री
- झांसी निवासी जितेंद्र दुबे का कहना है कि झांसी जाना है लेकिन डिपो में बस ही नहीं है। पूछताछ केंद्र में भी कोई नहीं है जो बता सके कि बस कितनी देर बाद आएगी।
-बस्ती निवासी मिथलेश ने बताया कि उसे बस्ती जाना है, लेकिन तीन घंटे से खड़े है बस नहीं आई है। वहीं बाहर निजी वाहन भी नहीं जिससे यहां से निकल सकूं।