श्रीनगर (महोबा)। यूपी-एमपी की सीमा कैमाहा पर जांच के दौरान उड़नदस्ता व स्टैटिक मजिस्ट्रेट की टीम ने एक ट्रक रुकवा लिया। उसमें नोटों की कतरन भरी थी, जिसका वजन करीब 24 टन था। यह हैदराबाद से बरेली भेजी जा रही थी। टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कागजात सही होने पर छोड़ दिया गया।
उड़नदस्ता प्रभारी वाणिज्य कर अधिकारी धर्मेंद्र कुमार एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट विनोद यादव की टीम कैमाहा सीमा पर जांच कर रही थी। एक ट्रक में 24 टन नोटों की कतरन पकड़ ली। इसमें 10, 20 व सौ रुपये के कटे-फटे व पुराने नोटों के कतरन थे। चालक से पूछताछ और कागजातों की जांच की गई।
इस दौरान स्थिति स्पष्ट न होने से प्रभारी ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। ट्रक थाने में खड़ा करा दिया। सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी व ऑब्जर्वर को दी गई। उड़नदस्ता प्रभारी ने प्रेक्षक राजन एम बसावड़ा को बताया कि कागजातों में रिजर्व बैंक का बिल लगा है, जहां माल भेजा जाना है उसके भी कागजात लगे हैं।
उन्होंने ट्रक में बोरियों में भरी कतरन को खुलवाया। जांच के लिए रिजर्व बैंक से इसके सभी कागजात मंगाए। इसके बाद ट्रक को छोड़ा गया।