महोबा/कबरई। झांसी-मानिकपुर राजमार्ग में पचपहरा गांव के समीप बाइकों की भिड़त में एक की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी कबरई से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में 27 लोग अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
पचपहरा गांव के समीप तीन बाइकों के एक-दूसरे से टकरा गईं।। जिसमें मकरबई निवासी राजकुमार अनुरागी का पुत्र बड्डन (28), छोटेलाल, मुकेश, धीरज, दुलीचंद्र व जमुना घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में बड्डन की मौत हो गई जबकि पांच घायलों को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पनवाड़ी संवाद के अनुसार बाइपास मार्ग में बाइक के विद्युत पोल से टकराने से गुगौरा गांव निवासी मेहरदास व पवन घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी पनवाड़ी में भर्ती कराया गया। श्रीनगर संवाद के अनुसार कानपुर-सागर हाईवे में श्रीनगर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार छतरपुर निवासी रविद्र सिंह बुंदेला व नीरज सक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसी तरह समदनगर निवासी शिवसिंह, नयापुरा बंधानवार्ड निवासी पुन्नू, नैगवां निवासी रामकरन, मवईखुर्द निवासी नीरज, कुलपहाड़ निवासी अलीहसन, रामनगर निवासी आदित्य, शाहपहाड़ी निवासी रूपचंद्र, श्रीनगर निवासी मनीष, अक्ठौंहा निवासी रविकुमार, मटौंध निवासी राहुल, पिपरामाफ निवासी रामकुमारी, कुरौरा राठ निवासी रामकिशोर व कृष्णकुमार, गुगौरा निवासी परमेश्वरी दयाल व धर्मेंद्र, अलीपुरा निवासी गनेश व नीरज कुमार, पसवारा निवासी हरनाथ व सीताराम, हवेली दरवाजा निवासी सुरेंद्र सिंह व जागेश्वर, अजनर निवासी सुरेंद्र और कल्लू अन्य सड़क दुुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से शिवसिंह, रविंद्र, नीरज, सुरेंद्र व आदित्य को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।