महोबा। समर्थ पोर्टल पर स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश फार्म भरने में आ रही दिक्कत का निदान करने के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से कंट्रोल रूम बनाया गया है। बीयू कैंपस में बनाए गए इस कंट्रोल रूम के माध्यम से छात्रों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। ताकि, प्रवेश प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।
शासन के निर्देश पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर आवेदन कराना अनिवार्य किया गया है। यह फार्म नौ पन्ने का है। हालांकि, पहले समर्थ पोर्टल पर फार्म भरने वाले विद्यार्थियों को जुलाई 2024 के बाद बने आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र को जमा करना था, जिसकी वजह से तमाम विद्यार्थी फार्म नहीं भर पा रहे थे। इसके चलते बीयू प्रशासन ने प्रमाणपत्रों की अनिवार्यता खत्म करने और स्वघोषित प्रमाणपत्र को मान्यता देने की बात कही है। प्रवेश फार्म भरने में आने वाली दिक्कतों का निदान करने के लिए बीयू प्रशासनिक भवन के कक्ष नंबर 108 में कंट्रोल रूम बनाया गया, जिसमें सुबह 10.30 से शाम पांच बजे तक छात्रों की समस्या का समाधान होगा।
वहीं, फोन नंबर 07398802581, 09151019693, 09151019698, 9075601617 पर भी संपर्क करने पर छात्रों की समस्याओं का निदान कराया जाएगा। कुलसचिव राजबहादुर सिंह का कहना है कि प्रमाणपत्रों की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। इसके अब आवेदन भरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। जिन छात्र-छात्राओं को फार्म भरने में दिक्कत हो रही है, उन्होंने कंट्रोल रूम अथवा जारी फोन नंबरों पर संपर्क करना शुरू कर दिया है।