महोबा। ब्लॉक कबरई के आंगनबाड़ी केंद्र तिंदुही में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता ने एसपी सुधा सिंह को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
आंगनबाड़ी केंद्र तिंदुही में तैनात कार्यकर्ता स्नेहलता ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 11 जनवरी को वह आंगनबाड़ी केंद्र में पोषाहार बांट रही थी। आरोप लगाया कि तभी ग्राम प्रधान अपने साथियों के साथ वहां आ धमका और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट कर दी। जिससे उसके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। बाद में आरोपी केंद्र में ताला लगाकर चले गए।
घटना की तहरीर थाना खन्ना में दी गई लेकिन पुलिस ने न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा। पीड़िता ने एसपी से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर थानाध्यक्ष खन्ना राधेश्याम वर्मा का कहना कि सूचना पर एसआई को मौके पर भेजा गया था। पोषाहार वितरण में विवाद का मामला सामने आया था। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।