महोबा। कोतवाली चरखारी के बृजपुर गांव से लापता युवक का शव किडारी रेलवे फाटक के समीप झाड़ियों में मिला है। पिता ने गांव के ही एक युवक पर आशंका जताते हुए अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शव मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बृजपुर गांव निवासी दुर्गा अहिरवार का नौ सितंबर को घर से लापता हो गया। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पिता बिंदा ने बताया कि उसका पुत्र मुल्ला का खुड़ा जाने की बात कहकर निकला था। आशंका जताई थी उसके पुत्र को गांव का ही राहुल अगवाकर ले गया है। शनिवार की दोपहर दुर्गा अहिरवार का शव किडारी फाटक के पास झाड़ियों में मिला, पिता ने आरोप लगाया कि अपहरण करने वाले युवक ने साथियों के साथ उसके बेेटे की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया है।
कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि शव की शिनाख्त दुर्गा अहिरवार के रुप में हुई है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)