महोबा। ठंड व शीत लहर का असर दिनभर रहा है। ठंड के मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कत झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीबों व रिक्शा चालकों को हो रही हैं। सर्द हवाओं के साथ गलन बढ़ने से रविवार को अधिकांश लोग घरों में कैद रहे। जिससे सुबह-शाम सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
रविवार को दोपहर के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली लेकिन शाम ढलते ही गलन एक बार फिर बढ़ गई। जगह-जगह लोग आग का सहारा लेकर ठंड से बचाव करते नजर आए। आल्हा चौक, रोडवेज बस स्टैंड, हवेली दरवाजा, जिला अस्पताल, डाक बंगला, कीरत सागर समेत नौ स्थानों पर पालिका प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था की गई है लेकिन अभी तक प्रशासन ने गरीबों को कंबल वितरण का काम शुरू नहीं किया है।
कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वैज्ञानिक डॉ. मुकेशचंद्र का कहना है कि ठंड अभी और जोर पकड़ेगी। फसलों के लिए यह ठंड मुफीद है। रविवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर पालिका के लेखाकार अरुण शुक्ला ने बताया कि अभी नौ स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। यदि जरूरत पड़ी तो इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी।