महोबा। जिले को साफ और स्वच्छ बनाए रखने व यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए शुक्रवार को कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह व आईजी के. सत्यनारायण ने व्यापारियों, पालिका अध्यक्ष व सभासदों के साथ बैठक की। जिसमें प्रत्येक चौकी क्षेत्र में ई-रिक्शा स्टैंड बनाए जाने और चालकों का डाटा रखने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर ने कहा कि 31 दिसंबर तक शहर के सभी मुख्य मार्गों व भीडभाड़ वाले क्षेत्रों पर एलईडी लाइट लगवा दी जाए। शहर को साफ रखने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। पालिका ईओ एनसीसी के बच्चों के सहयोग से डोर-टू-डोर स्वच्छता की अलख जगाने के लिए लोगों से अपील करेंगे।
आईजी ने शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए सभी चौकी क्षेत्र में चौकी के नाम से एक ई रिक्शा स्टैंड बनाए जाने के निर्देश दिए। कहा कि पुलिस चौकी के पास एक खाली जगह देख ली जाए और उस जगह पर बोर्ड लगाकर ई-रिक्शा स्टैंड बनाए। जिसमें चौकी क्षेत्र के सभी ई-रिक्शा को एक नंबर दिया जाए। जिसमें चौकी के नाम का पहला अक्षर अंकित किया जाए। जिससे किसी भी रिक्शे की पहचान की जा सके। इस मौके पर डीएम मनोज कुमार, एसपी सुधा सिंह, चेयरमैन दिलाशा तिवारी, व्यापारी रामजी गुप्ता मौजूद रहे।