चरखारी (महोबा)। बेटे ने बैंक से कर्ज लेकर फर्म खोली और घाटा होने पर लापता हो गया। बैंक ने कर्ज वसूली के लिए घर पर नोटिस चस्पा कर दिया। इससे आहत होकर पिता ने जहर खा लिया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जतौरा गांव के किसान परशुराम यादव (60) के बड़े पुत्र अशोक ने पांच साल पहले बैंक ऑफ इंडिया से 15 लाख रुपये कर्ज लेकर फर्म खोली थी। घाटा होने के बाद वह घर से लापता हो गया। आज तक उसका पता नहीं चला है।
किसान के छोटे पुत्र मनोज यादव ने बताया कि बैंक वाले कर्ज अदायगी के लिए परिवार के लोगों पर दबाव बना रहे थे। मंगलवार को घर आकर पिता से अभद्रता की।
इससे आहत होकर पिता ने मंगलवार देर रात जहर खा लिया।
बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक राहुल कुमार का कहना है कि किसान के घर नोटिस चस्पा कराया गया था। परिजनों से अभद्रता नहीं की गई। एसडीएम चरखारी श्वेता पांडेय का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जाएगी।