कुलपहाड़ (महोबा)। मुढ़ारी-टिकरिया मार्ग पर एक युवक का शव सड़क किनारे मिला। पास ही बाइक भी पड़ी मिली। परिजनों ने हत्याकर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली कुलपहाड़ के मुढ़ारी गांव निवासी भगवानदास उर्फ कल्लू यादव (44) सोमवार रात बाइक से साथी महेंद्र यादव को छोड़ने टिकरिया गया था। रात में घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। महेंद्र से मोबाइल पर जानकारी ली। उसने बताया कि भगवानदास रात में ही लौट गया था।
मंगलवार सुबह टिकरिया मोड़ के पास भगवानदास का शव पड़ा मिला। बाइक झाड़ियों में मिली। पुत्र मकरंद यादव ने बताया कि हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
उधर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टि दुर्घटना प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।