महोबा। ललितपुर व चंदौली में हुईं आपराधिक घटनाओं की उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई जांच और प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त कराने को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार को जमकर कोसा। बाद में सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर जितेंद्र सिंह को सौंपा।
पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश पटैरिया ने बताया कि ललितपुर में सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित किशोरी के साथ थानेदार ने दुष्कर्म किया। चंदौली में दो बेटियों को पुलिस ने पीटकर मार डाला। घटना के दोषियों की अभी तक गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। दोनों मामलों में पुलिस अभियुक्त है। इसलिए किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। प्रयागराज में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या हो गई। इससे साफ है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने इन गंभीर मामलों की सीबीआई जांच व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रभारी प्रेमनारायण राजपूत, रविंद्र कुुमार, राजेश कुमार, बलदेव रैकवार, बेनीप्रसाद, पुष्पेंद्र सिंह, आशाराम श्रीवास समेत तमाम लोग मौजूद रहे।