बेटे राज को गले लगाए मां अखिलेश कुमारी।
- फोटो : MAHOBA
पनवाड़ी (महोबा)। यूक्रेन-रूस की जंग के बीच फंसे पनवाड़ी के छात्र राज द्विवेदी रविवार की सुबह घर पहुंचे। बेटे के आते ही मां अखिलेश कुमारी ने गले लगाया और आरती उतारी। छात्र के स्वागत के लिए रिश्तेदार व पूरा गांव उमड़ पड़ा। हर किसी ने फूलों की बारिश कर माला पहनाई और घर वापसी पर खुशी का इजहार किया।
जिले के कई छात्र-छात्राएं यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गए थे। दस दिन पहले रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध छिड़ गया। पनवाड़ी निवासी संजय द्विवेदी के पुत्र राज द्विवेदी यूक्रेन में फंस गए। उन्हें कई दिन तक हंगरी में भारत के लिए फ्लाइट का इंतजार करना पड़ा। रविवार की सुबह राज सुरक्षित घर पहुंचा तो माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक आए। सबसे पहले राज ने मां के पैर छुए तो मां ने बेटे को गले लगा लिया। इसके बाद आरती उतारी। इस दौरान राज के नाना डॉ. इंद्रेश दीक्षित, दादा रमेश द्विवेदी, चाचा अजय, पिंकू के अलावा ग्रामीणों ने माला पहनाकर स्वागत किया।
छात्र राज ने बताया कि रूस के हमले के चलते वह अपने साथियों के साथ पिछले दिनों हंगरी पहुंच गया था। जहां से वह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा। राज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। कहा कि उन्हीं की पहल का नतीजा है जो मैं आप सबके बीच हूं।