महोबा। निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल विधानसभा चुनाव कराने को लेकर मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह की अध्यक्षता व आईजी एस के भगत चित्रकूटधाम मंडल बांदा की उपस्थिति में जिले के निर्वाचन संबंधी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रत्येक बूथ पर सेल्फी प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने डीएम मनोज कुमार से बूथ पर व्यवस्थाएं, वेब कास्टिंग, कार्मिक प्रशिक्षण, परिवहन, ईवीएम व वीवीपैट की उपलब्धता, स्ट्रांग रूम, पोस्टल बैलट आदि की सुरक्षा के संबंध में जानकारी ली। कहा कि वेबकास्टिंग अच्छे से कराई जाए, कोई भी बूथ असुरक्षित नहीं रहना चाहिए। मॉकपोल एवं वोटिंग समय से शुरू कराने की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट की होगी। इस बार का मतदान सभी गांवों में त्योहार की तरह मनाया जाए। 20 फरवरी को मतदान करें।
बैठक में प्रभारी कार्मिक डॉ. हरिचरन सिंह, एडीईओ आरएस वर्मा, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, एडीएम न्यायिक शिशिर कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुथान अब्दुल्ला, एएसपी आर के गौतम, प्रभारी प्रशिक्षण चित्रसेन सिंह, प्रभारी ईवीएम/वीवीपैट अभय कुमार सिंह, प्रभारी स्वीप सीएल साहू, प्रभारी मीडिया सतीश यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
बेहतर सुरक्षा प्लान तैयार करें: आईजी
आईजी ने एसपी सुधा सिंह से सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि कमांडिंग जितनी बेहतर होगी, उतना ही चुनाव कराने में कम समस्या आएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सुरक्षा प्लान तैयार करें, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो। सिविल और पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी आपसी तालमेल को बेहतर बनाएं ताकि चुनाव आसानी से हो सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन निष्पक्ष एवं पारदर्शी होना चाहिए।