श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के सिजरिया गांव से चुनाव प्रचार व जनसंपर्क कर लौट रहे बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रत्याशी एहसान सौदागर की कार में कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। हालांकि किसी को चोटें नहीं आईं। प्रत्याशी ने थाना श्रीनगर में दो लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महोबा सदर सीट से एहसान सौदागर बहुजन मुक्ति पार्टी से प्रत्याशी है। सोमवार को वह समर्थकों के साथ सिजरिया गांव चुनाव प्रचार में गए थे। लौटते समय डिगरिया गांव के समीप सड़क किनारे खड़े कुछ लोगों ने गाड़ी में पथराव कर दिया। जिससे गाड़ी के आगे और पीछे से दोनों शीशे टूट गए। गाड़ी में सवार प्रत्याशी व समर्थकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी को चोटें नहीं आईं। पथराव करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित प्रत्याशी ने थाना श्रीनगर में एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।