कलेक्ट्रेट का निरीक्षण करते मंडलायुक्त व आईजी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। विधानसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए मंडलायुक्त चित्रकूट धाम डीके सिंह ने आईजी एस के भगत के साथ कलक्ट्रेट में बने नामांकन स्थलों का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त व आईजी ने डीएम मनोज कुमार और एसपी सुधा सिंह से कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराएं। मंडलायुक्त ने डीएम से कहा कि कलक्ट्रेट परिसर में पार्क बनाने में तेजी लाएं। यह कार्य 10 मार्च से पहले हर हाल में पूरा करें। निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन का अनुपालन हर स्तर पर होना है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। आईजी ने एसपी से कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ की इजाजत किसी को नहीं है। पुलिस हर बैरिकेडिंग पर कानून का पालन कराए। पहले समझाएं यदि फिर भी बात न बने तो सख्ती करें। साथ ही दोनों अफसरों ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 20 फरवरी को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करें। शत प्रतिशत मतदान ही उन्हें एक अच्छा जनप्रतिनिधि प्रदान करेगा।
इस मौके पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी आरएस वर्मा, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, एएसपी आर के गौतम, सीओ राम प्रवेश राय, मीडिया प्रभारी सतीश यादव सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।