चरखारी/कुलपहाड़। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए रविवार को बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं व युवतियों के नाम सूची में बढ़ाए गए। एसडीएम चरखारी व कुलपहाड़ ने बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ को निर्देश दिए।
आगामी विस चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को कुलपहाड़ तहसील के सभी बूथों पर विशेष शिविर लगाए गए। इसमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ नाम संशोधन की कार्रवाई की गई। इस दौरान एसडीएम श्वेता पांडेय ने जनतंत्र इंटर कॉलेज, आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर मतदान के दौरान होने वाली दिक्कतों को दूर करने और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।
चरखारी संवाद के अनुसार तहसील क्षेत्र के सभी बूथों पर आयोजित विशेष शिविर में बीएलओ ने नए मतदाताओं से फॉर्म छह भरवाकर जमा करवाया। सेक्टर प्रभारी केके सोनकर ने बताया कि 13, 21 व 27 नवंबर को भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। एसडीएम पीयूष जायसवाल ने बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ को निर्देश दिए। वहीं सेक्टर प्रभारी ने राजकीय गंगा सिंह इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, ज्येंद्रनगर समेत 21 बूथों का निरीक्षण किया। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विपिन कुमार ने भी बूथों का निरीक्षण कर अधिक से अधिक युवाओं के नाम सूची में शामिल कराने की अपील की।