महोबा। अतिवृष्टि से बर्बाद हुई खरीफ फसल की क्षतिपूर्ति के लिए शासन से 19 करोड़ रुपये की मांग की गई है। इससे किसानों को दैवी आपदा राहत राशि की क्षतिपूर्ति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा ने बताया कि राजस्व और कृषि विभाग की रिपोर्ट में किसानों की खरीफ में बर्बाद फसलों के हुए आंकलन के अनुसार तीनों तहसील के किसानों के लिए 19 करोड़ रुपये की धनराशि के लिए पत्र भेजा गया है।
जिले के किसानों की दो साल से लगातार अतिवृष्टि से तबाह हो रही खरीफ फसल के तबाही की क्षतिपूर्ति की भरपाई इस वर्ष होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बर्बाद फसलों का सर्वे कराया गया। राजस्व विभाग ने खेतों में पहुंच फसल का सर्वे किया और नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी।
अपर जिलाधिकारी रामसुरेश ने बताया कि खरीफ फसल से प्रभावित लघु सीमांत, सीमांत और वृहद किसानों को निर्धारित सीमा के तहत क्षतिपूर्ति दी जाएगी। किसान को कम से कम एक हजार आपदा राहत राशि देने का प्रावधान है। शासन को मांग पत्र भेजा गया है। (संवाद)