कबरई (महोबा)। थाना कबरई के सुकौरा गांव में दो घरों से हुई लूट व चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। लूट के मामले में पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट के बजाय चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। जिससे ग्रामीणों का पुलिस से विश्वास उठ रहा है। गांव में चल रहे अवैध शराब व जुुआं को रोकने के लिए ग्रामीणों ने स्वयं कमर कसी है। रविवार की रात एक सैकड़ा ग्रामीणों ने बैठककर गांव में चल रहे जुआ-शराब के अवैध कार्यों का विरोध करने और अनैतिक कार्य बंद कराने की रणनीति बनाई ताकि घटनाओं पर अंकुश लग सके।
गौरतलब है कि सुकौरा गांव में 16 अक्तूबर की रात बदमाशों ने नाथूराम बुधौलिया के घर से एक लाख रुपये की नगदी समेत पांच रुपये कीमत का सामान लूट लिया था। इसी गांव में चोरों ने राजाबाबू के मकान को भी निशाना बनाते हुए लाखों का माल चोरी कर लिया था। पीड़ितों ने घटनाओं की तहरीर थाने में दी। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस ने देर रात लूट की घटना को चोरी में दर्ज किया। जिससे पीड़ितों व ग्रामीणों में आक्रोश है। उधर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।
उधर पुलिस की निष्क्रियता व कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मनीषा बौद्घ की अध्यक्षता में बैठक की। जिसमें ग्रामीणों ने कहा कि जगह-जगह जुएं के फड़ सज रहे हैं और अवैध रूप से शराब बेंची जा रही है। जुएं में रकम हारने के बाद लोग चोरी व लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। तय किया गया कि अब ग्रामीण स्वयं अवैध कार्य बंद करवाने के लिए आगे आएंगे और ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत बनाएंगे। ग्राम प्रधान ने अनैतिक कार्यों को रोकने के लिए ग्रामीणों की हर संभव मदद का भरोसा दिया है। बैठक में बीएल बौद्घ, प्रदीप बुधौलिया, नंदकिशोर विश्वकर्मा, जगमोहन, श्यामसुंदर, आशाराम, शिवराम आदि मौजूद रहे।