महोबा-खजुराहो मार्ग की उखड़ी सड़क
- फोटो : MAHOBA
महोबा। महोबा-खजुराहो मार्ग पर चार किमी तक बनाई गई सड़क 10 माह में ही उखड़ गई। इससे लोगों को यात्रा करने में दिक्कत हो रही है। मार्ग में एक एक फीट गहरे गड्ढ़े हैं और सड़क पूरी तरह गायब हो गई है। इससे वाहन हिचकोले खाते निकलते हैं। सड़क गायब हो जाने से वाहन निकलते ही धूल के गुबार से आसपास की दुकानों और घरों में डस्ट घुस रही है। इससे यहां के वाशिंदों का जीना दुश्वार है।
कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा खजुुराहो मार्ग में काशीराम कालोनी तिराहा से लेकर कुम्हडौरा तक करीब चार किमी लंबी सड़क 10 माह भी नहीं चली। सड़क से गिट्टी और डामर पूरी तरह गायब हो गया है। शाहपहाड़ी, कुम्हडौरा, लवकुशनगर, खजुराहो आने जाने वाले लोगों को मुश्किल होती है। हालात यह है कि महोबा से खजुराहो तक डेढ़ घंटे का सफर तीन घंटे में पूरा हो रहा है।
सड़क किनारे रहने वाले वाशिंदे और दुकानदार दिन रात धूल उड़ने से खासे परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि अब महोबा की सरहद पर बसे मध्यप्रदेश के गांव में क्रेशर प्लांट लग जाने से दिन रात दौड़ रहे गिट्टी से भरे ट्रकों से उड़ रही धूल सड़क किनारे रहने वाले लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। यहां की रसोई घर में धूल पहुंचने से खानपान भी प्रदूषित हो रहा है।
महोबा-खजुराहो मार्ग का निर्माण जल्द ही शुरू कराया जाएगा। शासन स्तर पर सड़क निर्माण की लिखा पढ़ी किए जाने के बाद हरीझंडी मिल गई है। सड़क निर्माण कराने की प्रक्रिया आरंभ कराकर सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा। सबसे पहले सड़क के दोनों तरफ नालों का निर्माण कराया जाना है। 10 माह में सड़क उखड़ जाने पर ठेकेदार को नोटिस जारी कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।
बृजबिहारी अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग