महोबा। नकली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए औषधि निरीक्षक अभियान चला रहे हैं। इससे मेडिकल संचालकों में खलबली मची है। शहर के रूसिया मेडिकल स्टोर में निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक ने दो कंपनियों के सैनिटाइजर का संदिग्धता के आधार पर नमूना लिया। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
औषधि निरीक्षक आशुतोष कुमार ने रूसिया मेडिकल स्टोर के निरीक्षण में अभिलेखों की जांच की। उन्होंने क्रय विक्रय रजिस्टर देखा और ग्राहकों को दवा खरीदने के बाद बिल देने के निर्देश दिए। मेडिकल के बाहर मास्क व सैनिटाइजर की रेट सूची चस्पा न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि दुुकान में रेट सूची चस्पा की जाए। मेडिकल में रखे विभिन्न कंपनियों के सैनिटाइजर को देखा। दो सैनिटाइजर का संदिग्धता के आधार पर सैंपल भरा। दवा विक्रेता मनोज रूसिया व राजेंद्र से कहा कि दुकान में आने वाले ग्राहकों से मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए। कहा कि यदि ग्राहक बिना मास्क लगाए दुकान आता है तो उसे दवा न दी जाए। पहले उसे मास्क खरीदने को कहें और बाद में दवा दें।