पनवाड़ी (महोबा)। थाना महोबकंठ के दुलारा गांव में लोहे के तार में कपड़े फैलते समय करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। बचाने में घर के तीन लोग झुलस गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया गया है।
दुलारा गांव निवासी भागीरथ (55) मंगलवार की सुबह कपड़े धोने के बाद आंगन में बंधे लोहे के तार में सूखने के लिए डाल रहा था। तभी तार में करंट आने से चिपक गया। चीख सुनकर पत्नी भुमानीदेवी (50), परिवार के सरमन (30) व कल्लू (60) बचाने के लिए दौड़ पड़े। वह भी करंट की चपेट में आ गए। कल्लू ने हिम्मत दिखाते हुए करंट लगने के बाद भी समीप से निकली मुख्य लाइन का तार काट दिया। जिससे तीन लोगों की जान बच गई जबकि भुमानी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर हालत में तीनों को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया गया। मृतका के पुत्र बबलू ने बताया कि माता-पिता के साथ वह भी मेहनत-मजदूरी का काम करता था। मां की मौत से बबलू का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बताया कि आंगन में बंधे लोहे के तार से कमरे के लिए केबल निकली थी। केबल में कट होने से हादसा हो गया।