श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के पवा गांव में बुधवार की रात चोरों ने दस घरों से लाखों का सामान पार कर दिया। इनमें एक घर पीआरडी जवान का भी शामिल है। घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है।
पवा गांव निवासी पीआरडी जवान रामबाबू बुधवार को महोबा ड्यूटी पर गया था। देर रात उसके घर में घुसे चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी में रखी 21 हजार की नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसके बाद चोर हरि सिंह के मकान में घुसे और 50 हजार की नकदी समेत अन्य सामान ले गए। पास स्थित माधव प्रसाद के घर से सोने-चांदी के आभूषण व गैस सिलेंडर, रामेश्वर के घर से 4500 नकदी व आभूषण, छोटेलाल के घर से दो क्विंटल खाद्यान्न, मुकेश तिवारी के घर से 20 हजार की नकदी व जेवर और किशोरीलाल के घर से 40 हजार की नकदी चोरी कर ले गए।
इसी तरह चोरों ने लखनलाल, नाथूराम व वंशी के घरों के ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह जब पीड़ित जागे तो घरों में बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। प्रधान पति हरिओम राजपूत ने पीड़ितों के साथ थाने पहुंच तहरीर दी। आरोप लगाया कि पुलिस निष्क्रियता के चलते चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उधर थानाध्यक्ष अनिल कुमार का कहना है कि सूचना मिली है। पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।