बेलाताल (महोबा)। बस से मायके आ रही महिला के बैग से तीन लाख के जेवर गायब हो गए। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लाखों के जेवर गायब होने से महिला व पीड़ित परिवार परेशान है।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के पलेरा गांव निवासी अभय प्रताप सिंह की पत्नी रीतेश कुमारी शुक्रवार को बस से अपने मायके कोतवाली कुलपहाड़ के खुर्जा खड़े गांव आ रही थी। बैग में जेवर रखे थे। रास्ते में अज्ञात लोगों ने बैग काटकर जेवर गायब कर दिए। पीड़िता ने बताया कि बस में चढ़ने के दौरान वह बैग अपनी पास रख रही थी लेकिन परिचालक ने बैग ऊपर रखने की बात कही और पूरी जिम्मेदारी ली।
महिला का आरोप है कि रास्ते में एक युवक अचानक बस रुकवाकर उतर गया। आशंका है कि वही युवक बैग काटकर जेवर ले गया। पीड़िता ने बताया कि बैग में सोने की झुमकी, हाथ की चूड़ी समेत तीन लाख रुपये कीमत के जेवर थे। पीड़िता ने घटना की तहरीर थाना अजनर में दी लेकिन मामला यूपी व एमपी के बीच का होने के चलते वहां की पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया।