हरपालपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप जाम लगाए किसान।
- फोटो : MAHOBA
पनवाड़ी (महोबा)। जिले की सीमा से सटे हरपालपुर कृषि मंडी में उपज बेचने गए किसानों के माल की बोली न लगाए जाने से किसान भड़क गए। आक्रोशित किसानों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे में हरपालपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप जाम लगा दिया। किसानों का आरोप था कि व्यापारियों द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है। दो घंटे तक सड़क जाम रहने से दर्जनों वाहन फंसे रहे। बाद अफसरों के आश्वासन पर जाम खुल सका।
जिले के कस्बा पनवाड़ी व महोबकंठ क्षेत्र से जुड़े दर्जनों गांव के किसान उपज बेचने के लिए हरपालपुर कृषि मंडी जाते हैं। सोमवार को किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में मटर, चना, गेहूं, सरसों आदि लादकर मंडी पहुंचे लेकिन व्यापारियों ने माल की बोली नहीं लगाई। जिससे किसान भड़क गए और यूपी-एमपी की सीमा पर हरपालपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप हाईवे में जाम लगा दिया।
किसान मनप्यारे, बालादीन, लक्ष्मी, सरजू, बद्री आदि का आरोप था कि व्यापारी जान-बूझकर माल की बोली नहीं लगाते ताकि किसान देर होने पर सस्ता माल बेचकर चले जाए। उधर व्यापारियों का कहना है कि प्रति क्विंटल उपज के पैसे का निर्धारण नहीं किया जा रहा है।
जाम की सूचना पर तहसीलदार सुनीता साहनी, हरपालपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तब दो घंटे बाद जाम खुल सका। जिससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।