महोबा। विकास कार्यों को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। सभी निर्माण एजेंसियों व बीडीओ को निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरा कारने के निर्देश दिए। उन्होंने एक्सईएन विद्युत शहरी व ग्रामीण दोनों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कड़ा एतराज जताया। सीडीओ को इनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोशालाओं में पानी, चारा, भूसा आदि मूलभूत व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं तथा चरवाहों का मानदेय शीघ्र भुगतान किया जाए। दो नई कान्हा गोशालाओं का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें। विद्युत विभाग को विद्युत कर की वसूली करने तथा कृषि विभाग को किसान सम्मान निधि योजना का पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने के सख्त निर्देश दिए। बीएसए को परिषदीय विद्यालयों में पानी, शौचालय, रैंप आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। डीपीओ से कहा कि पुष्टाहार का वितरण समय से तथा मानक के अनुसार कराया जाए। उन्होंने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी से कहा कि अपने विभाग तथा आरईएस व जिला पंचायत की सड़कों को अलग-अलग लिस्ट कराकर सभी सड़कों का मरम्मत कार्य जल्द से जल्द कराया जाए। बैठक में सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुथान अब्दुल्ला, एसडीएम सौरभ पांडेय, डीसी एनआरएलएम सत्यराम यादव, डीपीआरओ संतोष कुमार,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।