महोबा। कोविड महामारी के दृष्टिगत आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल बांदा व जिले के नोडल अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने डीएम मनोज कुमार के साथ जिला चिकित्सालय तथा कोविड एल 2 अस्पताल श्रीनगर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने आइसोलेशन वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट तथा 15 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए संचालित वैक्सीनेशन कैंप का निरीक्षण किया। सीएमओ तथा सीएमएस को निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। श्रीनगर में बेडों की संख्या 100 करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए। बताया कि जिले में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है तथा जिला अस्पताल में 50 बेड के आइसोलेशन वार्ड की भी व्यवस्था कर दी गई है। जिसमें चार वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। वैक्सीनेशन तीव्र गति से चल रहा है और पूर्व की भांति इस बार भी हम मिलकर कोरोना को हराएंगे।