कबरई (महोबा)। थाना कबरई से चंद कदम की दूरी पर टप्पेबाजों ने दिनदहाड़े जनसेवा केंद्र संचालक से 30 हजार रुपये की टप्पेबाजी कर दी। पहले से स्टॉर्ट बाइक किए खड़े साथी के साथ बैठकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियोंं की तलाश कर रही है।
कस्बे के लक्ष्मीबाईनगर निवासी शिवम सोनी कबरई थाने के सामने जनसेवा केंद्र का संचालन करता है। रविवार की दोपहर एक युवक उसकी दुकान पर पहुंचा और 30 हजार रुपये कैश देने के बदले ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कही। जैसे ही केंद्र संचालक रुपये गिनने लगा, तभी आरोपी युवक झपट्टा मारकर रुपये लेकर भाग गया। कुछ दूरी पर स्टॉर्ट बाइक किए खड़े युवक के साथ बैठकर आरोपी फरार हो गया। दिनदहाड़े थाने के सामने हुई टप्पेबाजी की घटना से व्यापारियोंं में आक्रोश है। इससे पहले भी कई दुकानदार टप्पेबाजी का शिकार हो चुके हैं। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टप्पेबाजों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।