चरखारी (महोबा)। भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने रविवार को जनता दरबार लगाकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन लगाकर निराकरण के निर्देश दिए। कहा कि यदि जनता के साथ अन्याय हुआ तो वह पीड़ितोंं के साथ आंदोलन करेंगे।
कस्बा श्रीनगर निवासी अश्वनी कुमारी ने बताया कि तीन जून को वह अपने पति रतिराम व दो वर्षीय बेटी के साथ बाइक से बिहुनी से श्रीनगर लौट रही थीं। रिवई-खरेला मार्ग पर तेज रफ्तार अल्टो कार से टक्कर मार दी थी। घटना में पति की मौत हो गई थी जबकि वह और उसकी बेटी भी घायल हुई थी। लेकिन पुलिस ने आज तक कार्रवाई नहीं की। आरोप लगाया कि यह कोई साधारण सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हत्या थी। विधायक ने कोतवाल प्रवीण कुमार को मौके पर बुलाया। कहा कि यदि उनकी विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय हुआ तो वह अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा अन्य फरियादियों की शिकायतेंं सुन संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।