महोबा। होली पर्व के भाईदूज पर शहर में मथुरा-वृंदावन के कलाकारों की झांकियों संग भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी व युवा डीजे की धुन पर अबीर-गुलाल उड़ाते थिरकते रहे। शोभायात्रा में बृजगीतों पर प्रस्तुति दे रहे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे।
जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भागीरथ नगायच व व्यापारियों के सहयोग से भाईदूज पर शहर के रामकथा मार्ग से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
जो नरसिंह कुटी, आल्हा चौक, तहसील, खनगा बाजार, ऊदल चौक, कस्बाथाई होते हुए प्रमुख मार्गों से गुजरी। बड़े ट्रॉला में सवार मथुरा-वृंदावन के कलाकारों ने मैं बरसाने की छोरी न कर मोते बरजोरी, तू कारो और मैं गोरी अपना मेल नहीं, अरे द्वारपालो कन्हैया से कह दो, बांके बिहारी की देख छटा व सांवली सूरत पे मोहन दिल दिवाना हो गया जैसे बृजगीतों पर शानदार प्रस्तुति दी।
शोभायात्रा देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही। शोभायात्रा में रवि साहू, शिवकुमार सोनी, शेख अफजल, सफीक अंसारी, अन्नी सोनी, अर्जुन समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।