महोबा। कोरोना महामारी के बीच चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति निर्वाचन आयोग व जिला प्रशासन गंभीर है। शनिवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पहले उनकी सेहत की जांच की गई। बूस्टर डोज से वंचित 35 मतदान कर्मियों को कोरोना का टीका लगाया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सुधाकर पांडेय ने बताया कि कोरोना संक्रमण का खतरा है। आयोग द्वारा जारी गाइड लाइन के मुताबिक विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पीठासीन अधिकारी व कर्मियों की कोरोना जांच की गई। कर्मियों को दी गई किट पर कोविड कमांड कंट्रोल रूम के नंबर भी चस्पा किए गए, ताकि समस्या होने पर स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन से संपर्क किया जा सके।
मतदान कर्मियों को दी आयुष किट
हमीरपुर। सीएमओ डॉ.एके रावत ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइड लाइन के मुताबिक पीठासीन अधिकारी व कर्मियों की कोरोना जांच की गई। कर्मियों को दी गई किट पर कोविड कमांड कंट्रोल रूम के नंबर भी चस्पा किए गए, ताकि समस्या होने पर स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन से संपर्क किया जा सके। वहीं सुरक्षा कवच रूपी वैक्सीन के प्रिकॉशन डोज से प्रतिरक्षित करने के साथ ही प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुष रक्षा किट मुहैया कराई जा चुकी हैं। किट में आयुष काढ़ा, संशमनी वटी-गिलोय, च्वयनप्राश, अणु तेल इत्यादि है।