कन्नौज। न जाने वह कौन सी घड़ी थी, जब घर से आंखों का इलाज कराने के लिए चित्रकूट के लिए निकले थे। आंखें दिखाने के लिए ऑटो रिक्शा पर सवार होकर जाते समय रास्ते में मौत मिल गई। हादसे में इत्रनगरी के गुरसहायगंज के मलिकपुर के दो और तिर्वा के ककराह के सफाई कर्मी की मौत हो गई। घटना से तीनों परिवारों में कोहराम मच गया।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलिकपुर निवासी अनुरुद्ध कुमार (25) गुगरापुर बीडीओ की कार चलाते थे। सोमवार शाम को गांव निवासी अखिलेश कुमार यादव के साथ चित्रकूट आंखों का इलाज कराने के लिए गए थे। मंगलवार सुबह चित्रकूट के कर्वी कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर में डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो पर सवार अनुरुद्ध, अखिलेश और तिर्वा के ग्राम ककराह निवासी अतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के पास मिले कागजातों के आधार पर शिनाख्त कराते हुए परिजनों को हादसे की जानकारी दी। तीनों के परिजन चित्रकूट के लिए रवाना हो गए।
लिलूईया गांव में सफाई कर्मी थे अतर सिंह
ककराह निवासी अतर सिंह लिलूईया गांव में सफाई कर्मी थे। उनकी पत्नी गोल्डी शिक्षामित्र हैं और एक बेटा देव व बेटी आध्या है। हादसे के बाद से परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ऋषि राजपूत व क्षेत्र के अन्य लोग उनके घर पहुंचे और दुख व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।