महोबा। झांसी-मिर्जापुर हाईवे के निकट तहसील चरखारी के सूपा गांव में राजकीय आयुर्वेद अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। चार बेड के इस अस्पताल को लेकर कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। आयुष भारत मिशन के तहत 29 लाख की लागत से अस्पताल का भवन तैयार होगा।
आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति देश की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है। सूपा गांव के लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ देने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। गांव में अस्पताल का निर्माण कार्य कराए जाने के लिए कार्यदायी संस्था के तौर पर यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन निर्माण इकाई बांदा-13 को नामित किया गया है। कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। भवन निर्माण के बाद आयुर्वेद अस्पताल में पंचकर्म, योग, एक्यूपंक्चर और हर्बल चिकित्सा से मरीजों का इलाज किया जाएगा। उधर, क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी महोबा-हमीरपुर डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि आयुष मिशन के तहत आयुर्वेद अस्पताल सूपा का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भवन को हैंडओवर किया जाएगा। इसके बाद मरीजों का इलाज शुरू होगा।