पनवाड़ी (महोबा)। पनवाड़ी-महोबा मार्ग में सड़क किनारे खेल रही बालिका को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। अनियंत्रित बाइक समीप में रखी बर्तनों की दुकान में घुस गई। गंभीर हालत में बालिका को मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में लिया है।
कस्बा पनवाड़ी के कोटपुरा निवासी रामेश्वर कुशवाहा महोबा मार्ग में सड़क किनारे सब्जी की दुकान किए है। शनिवार की सुबह वह दुकान में बैठा था जबकि उसकी पुत्री पूर्वी (05) समीप में खेल रही थी। तभी तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने बालिका को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर से अनियंत्रित बाइक टंकी व बर्तनों की दुकान में घुस गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी ले गए। जहां से डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय पूर्वी की रास्ते में मौत हो गई। मृतका तीन बहनों में सबसे छोटी थी। घटना से दो बड़ी बहनों पूजा व मेघा और माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल है। पिता ने बाइक सवार के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी में हिरासत में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।