महोबा। थाना श्रीनगर के ननौरा गांव में चार माह पहले युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हुई है।
शहर के मामना रोड निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसका बेटा अवधेश कुमार 16 अगस्त को अपने साथी अनमोल के साथ उदयपुरा गांव जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम उसने फोन पर बताया कि वह अनमोल के साथ ननौरा गांव आ गया है। कुछ देर बाद ननौरा के बैजनाथ कोटेदार ने फोन करके सूचना दी कि अवधेश ने उसकी दुकान में कुर्सी तोड़ दी है और विवाद कर रहा है। इस विवाद को सुलझाने के लिए जब संतोष मौके पर पहुंचा तो अवधेश बेहोशी की हालत में मिला। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। संतोष का आरोप है कि पुलिस ने कोरे कागजातों में उससे हस्ताक्षर करा लिए और अवधेश को पीटने वालों पर कार्रवाई के नाम पर टालती रही। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और शराब के नशे में छत से गिरकर घायल होने की रिपोर्ट लगा दी। इससे परेशान होकर संतोष ने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर ननौरा निवासी अनमोल, बैजनाथ, उसके दो बेटे सीताराम और राघवेंद्र पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।