महोबा। जलशक्ति मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शनिवार की देर शाम जल जीवन मिशन की मंडल स्तरीय समीक्षा की। कहा कि बुंदेलखंड की प्यास मिटाना पीएम मोदी की प्राथमिकता में है। महोबा में करीब 1,106 करोड़ रुपये की लागत की पांच ग्राम समूह पेयजल परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इनमें 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इन सभी योजनाओं से जिले के सभी 395 गांवों के हर घर को नल से जल मुहैया कराया जाएगा। जिसमें 11,85,951 आबादी लाभान्वित होगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में जलशक्ति मंत्री ने जिले में निर्माणाधीन शिवहार ग्राम समूह पेयजल योजना, सलैया-नथूपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना, लहचूरा-कांशीपुरा ग्राम समूह योजना, धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना व कबरई ग्राम समूह पेयजल योजना के अलावा मंडल में निर्माणाधीन अन्य पेयजल परियोजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान प्रमुख सचिव नमामि गंगे अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि महोबा समेत मंडल के अन्य जिलों में निर्माणाधीन योजनाओं को समय से पूरा कराया जाएगा। हर घर में जल पहुंचाने के लिए जिलेभर में 1,33,566 कनेक्शनों की जरूरत होगी। सितंबर 2022 तक इन योजनाओं को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा ताकि जिले के प्रत्येक घर को शुद्ध पेयजल मिल सके।
समीक्षा के दौरान जलशक्ति मंत्री ने कहा कि आगामी 100 दिनों में लोगों को नल से जल उपलब्ध कराने का कार्य प्रारंभ करा दिया जाए। समीक्षा बैठक में सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, एमडी जलनिगम डॉ. बलकार सिंह, राष्ट्रीय पेयजल स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक, अखंड प्रताप सिंह, डीएम मनोज कुमार, सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह के अलावा मंडलस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।