महोबा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को फतेह करने के लिए सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इससे कड़ाके की ठंड में भी सियासी पारा गर्म हैं। चुनाव प्रचार के लिए बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने स्टार प्रचारकों की एक सूची जारी की। इसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत केंद्र व प्रदेश के 25 नेताओं के नाम हैं लेकिन फायर ब्रांड नेता उमा भारती का नाम सूची में नहीं है। बुंदेलखंड क्षेत्र के मतदाताओं पर उनका गहरा प्रभाव है।
बुंदेलखंड के महोबा में जब-जब चुनाव हुए हैं तो फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने चुनाव प्रचार किया है। चरखारी और राठ विधानसभा में लोध मतदाताओं पर उनका गहरा प्रभाव है। इस बार स्टार प्रचारकों की सूची में नाम न होने से उनके प्रशंसकों में मायूसी है। उमा भारती मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। उन्होंने 2014 में झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव जीता था और वे केंद्र सरकार की कैबिनेट मंत्री बनीं। इससे पहले 2012 में वह महोबा की चरखारी विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर सपा के कप्तान सिंह को हराकर विधायक बनीं थीं। वह मध्य प्रदेश के हिस्से में आने वाले बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिले की रहने वाली हैं। इस वजह से शुरू से ही उनका पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में गहरा प्रभाव है। लोधी वोटों पर भी उनकी पकड़ है। अब तक हुए सभी चुनावों में बुंदेलखंड क्षेत्र में उन्होंने भाजपा का प्रचार किया। जीत भी मिली है लेकिन इस बार भाजपा की ओर से बुधवार को जारी प्रचारकों की सूची में उनका नाम न होने से सियासी हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। ऐसे में वह इस बार चुनाव प्रचार करने आएंगी या नहीं इसको लेकर भी अटकलें लगाईं जा रही हैं।