संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा, सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान के तहत किसान अनुदान पर सोलर पंप लगा सकेंगे। अन्नदाताओं को पीएम कुसुम योजना के तहत लाभांवित किया जाएगा। मंगलवार से सबमर्सिबल सोलर पंप लगाए जाने को लेकर बुकिंग शुरू होगी।
उप कृषि निदेशक डाॅ. अभय सिंह यादव ने बताया कि जिले में तीन एचपी डीसी-280, तीन एचपी एसी-380, पांच एचपी एसी-375, 7.5 एचपी एसी-50 और 10 एचपी एसी-20 सबमर्सिबल पंप लगाए जाने हैं। योजना से लाभांवित होने के लिए किसान विभागीय वेबसाइट पर अपना पंजीयन करा सकते हैं। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किसानों को योजना से लाभांवित किया जाएगा। ऑनलाइन टोकन जेनरेट करने के बाद टोकन मनी के रूप में पांच हजार रुपये ऑनलाइन जमा करना होगा।
शेष कृषक अंश की धनराशि कृषकों को चालान के माध्यम से एक सप्ताह के अंदर जमा करनी होगी। अन्यथा की स्थिति में किसानों का चयन स्वत: निरस्त हो जाएगा और टोकन की धनराशि जब्त कर ली जाएगी। किसान ऑनलाइन बुकिंग कर सोलर पंप प्राप्त कर सकते हैं।