चरखारी में सभा को संबोधित करते डिप्टी सीएम।
- फोटो : MAHOBA
महोबा/ चरखारी। बुंदेलखंड में भाजपा सभी 19 सीटों पर परचम लहराएगी। बीजेपी सरकार ने बुंदेलखंड में विकास की गाथा लिखी है। 44 हजार करोड़ की केन-बेतवा परियोजना का बजट में प्रावधान किया गया है, जिससे रोजगार का सृजन होगा। पलायन भी रुकेगा। यह बातें डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने जिले में संबोधित सभाओं में कहीं।
गुरुवार को जिले में डिप्टी सीएम चार घंटे की देरी से करीब पौने तीन बजे पहुंचे। पहले चरखारी सीट से प्रत्याशी बृजभूषण राजपूत के लिए डाक बंगला मैदान फिर महोबा में प्रत्याशी राकेश गोस्वामी के समर्थन में सरस्वती विद्या मंदिर में सभा को संबोधित किया। उन्होंने अखिलेश यादव की सत्ता वापसी वाले बयान पर कहा कि सपना देखना सबका अधिकार है। वे सोते हुए सपना देख रहे हैं लेकिन जो सोता है, वह खोता है। कहा कि बुंदेलखंड में इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में तमाम प्रोजेक्ट आ रहे हैं और नई फैक्टरियां लग रही हैं। डिफेंस कॉरिडोर का काम शुरू हो चुका है तो वहीं बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का काम अंतिम चरण में है। बुंदेलखंड ऑटोमेटिक रायफल बनाने वाला, चौड़ी सड़कों, शौचालय, सम्मान निधि वाला क्षेत्र बन चुका है। ऐसे में उम्मीद है कि यहां के मतदाता बीजेपी को वोट देकर जिताएंगे।
पत्रकारों से बातचीत में मेरठ के सपा विधायक रफीक अंसारी के हिंदू गर्दी वाले बयान पर कहा कि सपा नेताओं को संयमित वाणी का इस्तेमाल करना चाहिए। हिंदू और मुसलमानों को बांटने की बात अब नहीं की जाए। बीजेपी सरकार में जितनी योजनाएं आईं, उनका हिंदू व मुसलमान दोनों को फायदा मिला है।
सपा द्वारा कई स्थानों पर प्रत्याशी बदले जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा को प्रत्याशी नहीं मिल रहे, जबरदस्ती जो प्रत्याशी बनाए जा रहे हैं वह भी छोड़ कर भाग रहे हैं, यही हाल बसपा और कांग्रेस का भी है।
महोबा में प्रभावी मतदाता संवाद सभा हुंकार भरते डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा।- फोटो : MAHOBA
महोबा में प्रभावी मतदाता संवाद सभा हुंकार भरते डिप्टी सीएम।- फोटो : MAHOBA
डाकबंगला चरखारी में कार्यक्रम में शामिल महिलाएं।- फोटो : MAHOBA