जिले में संचालित दो अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फैक्ट्री के संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के निर्देश पर विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सोमवार को अभियान चलाया गया। ग्राम कोतवाली चरखारी के ग्राम अकटोहां में अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी जेपी यादव के निर्देशन पर एसएसआई अमर सिंह, शिवआसरे त्रिवेदी, राजकुमार समेत पुलिस टीम ने छापा मारा।
इस दौरान अवैध शस्त्र बनाते राजू बढ़ई पुत्र कालीचरन निवासी अकटोहां को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से दो तमंचा देशी 15 बारे, एक राइफल अधबनी, एक बोरे में कारतूस, 20 खोखे, 15 नाल, एक गिलेंडर मशीन, इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन और तमंचा बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने राजू को गिरफ़तार कर जेल भेज दिया।
उधर, थाना खरेला के ग्राम सादराय में एक असलहा बनाने की फैक्ट्री पर थानाध्यक्ष रमेशचंद्र वर्मा, कांस्टेबल रामप्रताप, बृजेश कुमार, दिनेश कुमार, देवेंद्र यादव आदि ने फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस दौरान फैक्ट्री संचालक इंद्रपाल विश्वकर्मा को 132 बोर, दो देशी तमंचों के साथ दबोच लिया।
उसके पास से पुलिस ने तमंचा बनाने संबंधी उपकरण और अधबने शस्त्र बरामद कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि एक माह के अंदर अब तक चार अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया जा चुका है।