सुशील सक्सेना के ऊपर पानी डालता दरोगा
- फोटो : अमर उजाला
बड़े भाई द्वारा छोटे भाई को घर में हिस्सा न दिए जाने और सरेआम प्रताड़ित किए जाने से आहत होकर छोटे भाई ने रविवार की शाम को थाने में मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह युवक को आग लगाने से रोका। इस घटना से थाने में चल रही पीस कमेटी की बैठक में हड़कंप मच गया। कस्बे के बजरंग कालोनी निवासी मूलचंद्र
सक्सेना के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा विनोद सक्सेना, दूसरा प्रमोद सक्सेना और सबसे छोटा सुशील सक्सेना है। आरोप है कि बड़े भाई विनोद सक्सेना ने पूरे मकान पर कब्जा जमा लिया है। वह दोनों भाइयों को आए दिन मकान से बाहर भगा देता है। सुशील सक्सेना ने तीन बार थाना श्रीनगर में शिकायती पत्र देकर बड़े भाई विनोद सक्सेना द्वारा किए जा रहे
उत्पीड़न को रोके जाने और मकान का हिस्सा दिलाने की गुहार लगाई थी। लेकिन पुलिस ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया। शनिवार को बड़े भाई ने सुशील सक्सेना को फिर घर में न घुसने की चेतावनी दी। इससे सुशील आहत हो गया। उधर, पुलिस से भी न्याय न मिलने पर आहत सुशील सक्सेना शनिवार की शाम को करीब छह बजे हाथ में माचिस और मिट्टी के
तेल की केन लेकर थाने जा पहुंचा। जहां पर पीस कमेटी की बैठक चल रही थी। उसने थाना परिसर में ही सभी के सामने मिट्टी का तेल अपने ऊपर डाल लिया और जैसे ही माचिस की तीली जलाने लगा वैसे ही पुलिस ने उसे लपक कर पकड़ लिया। दरोगा ने हिरासत में लेकर उसके ऊपर चार बाल्टी पानी डालकर मिट्टी के तेल का असर कम किया। इंचार्ज थानाध्यक्ष
प्रेमनारायण का कहना है कि सुशील सक्सेना के बड़े भाई विनोद सक्सेना को थाने में बुलाया गया है। जहां पर उनके मकान संबंधी विवाद का निपटारा कराया जाएगा। सुशील सक्सेना पर आत्महत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।